बीकानेर में दिन का पारा बढ़ा:रात में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान, कोहरे से मुक्ति लेकिन ठिठुरन बढ़ी, हो सकती है बारिश

बीकानेर में अधिकतम तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से दिन में सर्दी से कुछ राहत मिली है लेकिन सूर्यास्त होने के साथ ही बीकानेर में ठिठुरन और गलन आम जन जीवन के प्रभावित कर रही है। रात में न्यूनतम तापमान इन दिनों नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, जो सामान्य दिनों की तुलना में कुछ कम है। उधर, मौसम विभाग ने रविवार को बीकानेर संभाग में बारिश होने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर में पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य दिनों जैसा ही है। नए साल में बीकानेर में रात का ही तापमान गिर रहा है, जबकि दिन में बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। हो सकती है बारिश बीकानेर संभाग में पांच जनवरी यानी रविवार को बारिश की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। बीकानेर के अलावा जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। बीकानेर में बारिश की उम्मीद कम है जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में बारिश होने से किसानों के चेहरे फिर से खिल सकते हैं। बीकानेर में सर्दी की एक बारिश हो चुकी है। पिछले कुछ दिनों से सुबह व रात में बादलों की आवाजाही रहती है लेकिन बारिश नहीं हो रही। वहीं राजस्थान के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आठ जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा, सिर्फ बीकानेर-जोधपुर संभाग में बारिश संभव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *