बीकानेर में 2 तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है। दरअसल, नेशनल हाईवे पर सड़क के दोनों ओर से गाड़ियां जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही इनोवा कार से भिड़ गई। हादसा बीकानेर जिले के गंगाशहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुआ। इस टक्कर में 7 लोग घायल भी हो गए हैं। दोनों कारों के टकराते ही धमाके जैसी तेज आवाज आई और इनोवा से भिड़ने वाली कार कुछ सेकेंड्स के लिए हवा में लहराकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल भिजवाया। ये पूरा हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हादसे में गंगाशहर निवासी जितेंद्र स्वामी पुत्र पुखराज की मौत हो गई। वहीं लक्ष्मण, मुन्नी देवी, पार्थ जोशी, दर्शना, कोमल, अनिल शर्मा व रंजीत सिंह घायल हो गए। 3 तस्वीरों में देखिए पूरा हादसा… युवक की 1 साल पहले हुई थी शादी
गंगाशहर थाना अधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया- मृतक जितेंद्र स्वामी (22) की एक साल पहले ही शादी हुई थी। उसके दो महीने की बेटी है। जितेंद्र के साले की 2 फरवरी को शादी है। इसके लिए वह बीकानेर से कुछ सामान लेकर अपने दोस्त प्रदीप के साथ कोलायत जा रहा था। रास्ते में तेज स्पीड कार का बैलेंस बिगड़ गया और डिवाइडर को क्रॉस करके रॉन्ग साइड में चली गई। जहां सामने से आ रही इनोवा को टक्कर मार दी। इनोवा में सवार घायल
सामने से आ रही इनोवा में सवार लोगों को भी गंभीर चोट लगी है। सात घायलों में से पांच घायल इनोवा गाड़ी के हैं। इनोवा सवार नागौर से बीकानेर की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि ये भी किसी शादी समारोह में हिस्सा लेने आ रहे थे। हालांकि इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। खड़े रहते हैं ट्रेक्टर और ट्रक-ट्रॉले
इस नेशनल हाईवे पर ट्रक और ट्रोले खड़े रहते हैं। इसके कारण मुख्य सड़क पर हर समय वाहन खड़े रहते हैं और गाड़ियों के निकलने की जगह भी नहीं रहती। कई बार इन्हीं के कारण इस रोड पर हादसे होते हैं। स्थानीय निवासियों ने यहां से ट्रॉले हटाने की मांग कई बार की है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कररही।


