बीकानेर में लगातार दूसरे दिन भी कोहरा:सुबह आठ बजे बाद जमीन पर उतरा कोहरा, विजिबिलिटी भी कम

बीकानेर में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दी है। दोपहर का पारा भले ही बीस डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है लेकिन सुबह सवेरे कोहरा कड़ाके की सर्दी का एहसास करा रहा है। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे आसमान लगभग साफ था लेकिन एक घंटे में ही इतना घना कोहरा जमीन पर उतरा कि विजिबिलिटी पांच-सात मीटर तक सिमट गई। हालांकि कोहरे के बाद भी ठिठुरन वाली सर्दी अब नहीं है, क्योंकि हवा की गति कम है। बीकानेर शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सर्दी का असर अभी बना हुआ है। सोमवार को भी घना कोहरा था जो दस बजे तक रहा। वहीं मंगलवार को भी ऐसी ही स्थिति रही। सोमवार को शहरी क्षेत्र में घना कोहरा नहीं था लेकिन गांवों में विजिबिलिटी शून्य के आसपास रही। मंगलवार को शहरी क्षेत्र में भी ऐसे ही हालात रहे। हालांकि तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई है। सोमवार को बीकानेर में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, वहीं अधिकतम तापमान भी बीस डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था। मंगलवार को इसमें और गिरावट आ सकती है लेकिन ये गिरावट भी चौंकाने वाली नहीं होगी। दरअसल, हवा की गति कम होने के कारण सर्दी का असर कम रहा। बीकानेर तहसील के रुणियां बड़ा बास में लगातार तीसरे दिन घना कोहरा रहा। यहां रहने वाले भाजपा नेता कोजूराम सारस्वत ने बताया कि कोहरे से विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। आसपास की चीजे भी दिखाई नहीं दे रही। लोगों को अपने घर के सामने वाला घर नहीं दिख रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *