बीकानेर में 1 दिवसीय दौरे पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े:नाहटा के डाक टिकट का लोकार्पण करेंगे; करणी माता के दर्शन करने पहुंचे

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि देश का प्रत्येक नागरिक निज हित की अपेक्षा समाज हित तथा राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए देश को श्रेष्ठतर बनाने में अपनी भागीदारी निभाए। राज्यपाल ने रविवार को बीकानेर में हरखचंद नाहटा की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा उनकी स्मृति में जारी 25 रुपए मूल्य के 40 ग्राम वजनी स्मारक सिक्के के अनावरण समारोह के दौरान यह उद्गार व्यक्त किए। इससे पहले नाहटा ने देशनोक में करणी माता मंदिर के दर्शन किए। राज्यपाल ने कहा कि नाहटा ने व्यापार और वाणिज्य के क्षेत्र के साथ जन सेवा तथा धर्म सेवा के कार्यों में भी अतुल्यनीय योगदान दिया। देश की कई सुप्रतिष्ठित संस्थाओं से संबंध रखकर वे लोक मंगल कार्यों में निरंतर आर्थिक सहयोग के अलावा सक्रिय सहभागिता निभाते थे। जैनाचार्य श्री जिनपीयूष सागर सूरिश्वर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित समारोह के दौरान राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा हरखचंद नाहटा की स्मृति में स्मारक रजत सिक्का जारी किया है। समय तथा इतिहास की कसौटी पर ही किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व का मूल्यांकन होता है। नाहटा के जीवट व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, दूरदर्शिता तथा लोक मंगल की बलवती भावना ने उन्हें विशेष स्थान दिलाया। इस दौरान राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने स्मारक सिक्के का अनावरण किया तथा यह सिक्का नाहटा परिवार के छोटे बच्चों को आशीर्वाद के साथ सौंपा। इससे अवसर पर मुनिराज श्री शाश्वत रतन सागर ने प्रवचन दिए। हरख चंद नाहटा स्मृति न्यास के अध्यक्ष ललित नाहटा ने आभार जताया। कार्यक्रम में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, नोखा विधायक सुशीला डूडी, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। करणी माता मंदिर पहुंचे राज्यपाल राज्यपाल हरिभाऊ बागडे रविवार सुबह देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां करणीमाता की पूजा अर्चना कर देश और प्रदेश की समृद्धि, सम्पन्नता और खुशहाली की कामना की। मंदिर पुजारी ने राज्यपाल को निज मंदिर में विधिवत पूजा करवाई। राज्यपाल बागडे को इस दौरान करणी माता मंदिर निजी प्रन्यास के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज सिंह बारठ ने मां करणी के जीवन से जुड़ी जानकारी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *