छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर गढ़चिरौली में जवानों ने 2 और बीजापुर में 2 नक्सलियों को मार गिराया है। गढ़चिरौली में मारे गए नक्सलियों में 2 महिला नक्सली शामिल हैं। डीआईजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बीजापुर के गंगालूर इलाके में गोलीबारी हो रही है। दक्षिण-पश्चिमी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग अभियान पर निकले थे। इसी दौरान दोपहर 3 बजे घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी गोलियां चलाईं। सर्चिंग के दौरान 2 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एक 303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन अभी जारी है। कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़, 2 महिला नक्सली ढेर इस बीच, कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें जवानों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। कांकेर की सीमा से लगे गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया में नक्सल अभियान पर निकले सी60 और सीआरपीएफ के जवानों पर मोडास्के के जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी की। जवाबी गोलीबारी में सुरक्षा बलों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। सुरक्षा बलों ने मौके से एके47, राइफल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। फिलहाल, मुठभेड़ में शामिल महिला नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। सर्चिंग जारी है। ……………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर:इनमें 1 करोड़ का इनामी बालकृष्ण भी शामिल; ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव था छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में 1 करोड़ के इनामी मोडेम बालकृष्ण समेत 10 नक्सली मारे गए हैं। एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की है। मैनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके मटाल में ये मुठभेड़ हुई है। पढ़ें पूरी खबर…


