बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर लापता:अपहरण की आशंका, CCTV खंगाल रही पुलिस, IG बोले- क्लू मिले हैं, जांच जारी है

बस्तर के बीजापुर जिले के रहने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर पिछले 3 दिन से लापता हैं। पुलिस अपहरण की आशंका जता रही है। उनके घर और शहर के आस-पास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस मामले के एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है। IG सुंदरराज पी का कहना है कि कुछ क्लू मिला है। जांच जारी है। मामला बीजापुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। दरअसल, मुकेश चंद्रकार बीजापुर में पिछले कई सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक वे 1 जनवरी की शाम टी-शर्ट और शॉर्ट्स में ही घर से बाहर निकले थे। कुछ देर के बाद उनका फोन बंद हो गया। जब रात तक घर नहीं लौटे तो उनके भाई और पत्रकार युकेश चंद्रकार ने करीबियों के घर, शहर में अलग-अलग जगह पता लगाया। भाई ने करवाई रिपोर्ट दर्ज लेकिन उनकी कोई खबर नहीं मिली। जिसके बाद भाई युकेश चंद्रकार ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है। वहीं मामले की शिकायत के बाद पुलिस एक्टिव हुई। शहर में लगे सारे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इधर, बस्तर के पत्रकार भी इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने और मुकेश का पता लगाने बस्तर IG सुंदरराज पी से मांग किए हैं। भाई ने सोशल मीडिया में भी की अपील मुकेश के भाई युकेश ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपील की है कि उनके भाई का जिस किसी को भी कोई भी सुराग मिले, वो जहां भी मिले या दिखे तो इसकी जानकारी उनतक पहुंचा दें। IG बोले- शाम तक स्थिति क्लियर हो जाएगी IG सुंददराज पी ने कहा कि, जब से हमें जानकारी मिली है टीम को एक्टिव किया गया है। हमें कुछ क्लू मिला है। एक को हिरासत में भी लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस की एक टीम को दिल्ली रवाना किया गया है। IG ने कहा कि आज शाम तक स्थिति क्लियर हो जाएगी। अध्यक्ष बोले- चिंता का विषय है इस मामले में बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है। जमीनी स्तर से जुड़े एक पत्रकार का लापता हो जाना यह हम सब के लिए चिंता का विषय का है। मुकेश ने कई बड़े मामलों का खुलासा भी किया है। अब अचानक से उनका लापता होना उनके सहयोगियों, उनके परिजनों के साथ-साथ पत्रकारों का चिंतित होना लाजमी है। हालांकि, पुलिस की तरफ से कहा गया है कि खोजबीन की जा रही है। DBPS के अध्यक्ष बोले- जल्द ढूंढे पुलिस दक्षिण बस्तर पत्रकार संघ के अध्यक्ष बप्पी राय ने कहा कि इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र हो सकता है। हम सभी पत्रकार बीजापुर पहुंच रहे हैं। उनके परिवार के साथ हम खड़े हैं। लेकिन एक सवाल यह भी है पत्रकार 3 दिन से लापता है, पुलिस के पास इतनी टेक्निकल टीम है उसके बावजूद भी वे ढूंढ नहीं पा रही। हम सभी बीजापुर जा रहे हैं। आगे हम क्या करेंगे निर्णय वहीं लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *