बीजापुर के मद्देड़ में 16 प्रेशर IED, माओवादी डंप बरामद:सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई में की विस्फोटक सामग्री जब्त

बीजापुर के मद्देड़ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बंदेपारा-नीलमड़गु के बीच जंगल इलाके में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए 16 प्रेशर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। यह कार्रवाई शुक्रवार, 24 जनवरी 2026 को की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्चिंग के दौरान पगडंडी मार्ग और आसपास के जंगली क्षेत्र में बीयर की बोतलों में छिपाकर रखे गए 16 प्रेशर IED पाए गए। बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम ने इन सभी IEDs को मौके पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निष्क्रिय कर दिया। नीलमड़गु-बंदेपारा में संयुक्त टीम ने माओवादी डंप पकड़ा इसी अभियान के तहत, डीआरजी बीजापुर, मद्देड़ थाना पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 22वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने नीलमड़गु से बंदेपारा के बीच विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। टीम ने जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टियों से भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी सामग्री का एक डंप बरामद किया। बरामद सामग्री में लगभग 100 किलोग्राम जिलेटिन स्टिक, कार्डेक्स वायर के तीन बंडल, लगभग 350 मीटर काले कपड़े की वर्दी, एक किलोग्राम गन पाउडर, वॉकी-टॉकी चार्जर, बैटरियां, मोबाइल चार्जर, माओवादी साहित्य, अतिरिक्त वर्दी, पिट्ठू बैग और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *