भास्कर संवाददाता | गुना बीजी रोड स्थित ओवर ब्रिज की सर्विस रोड मात्र तीन माह भी नहीं टिक सकी और पूरी तरह से खराब स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह उखड़न, धूल व चूरी फैलने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क पर उड़ रही धूल के कारण घरों और दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। स्थानीय पार्षद ने निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत की थी, जिसके बाद विभागीय जांच के निर्देश भी मिले, परंतु सुधार कार्य भी महज़ खानापूर्ति बनकर रह गया। उल्लेखनीय रहे कि नगरपालिका द्वारा इस सर्विस रोड पर लगभग 20 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण कराया गया था। यह रोड करीब चार माह पहले ही बनी थी, लेकिन शुरुआत से ही निर्माण पर सवाल उठने लगे थे। पार्षद द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर दिल्ली से तकनीकी टीम ने निरीक्षण किया और ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए। इसके बावजूद ठेकेदार ने फिर से घटिया स्तर पर काम कर दिया जिससे सड़क की स्थिति और बिगड़ गई। नपा इंजीनियर रामवीर शर्मा के अनुसार निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया गया। इस संबंध में ठेकेदार को पहले ही दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं और तीसरे की तैयारी जारी है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को समझाने और निर्देश देने के बावजूद उसने गुणवत्तापूर्ण मरम्मत नहीं की। संबंधित ठेकेदार को एक सूचना पत्र दिया जा चुका है, दूसरा भी पहुंच गया है, अब तीसरे की तैयारी है। हमारी शर्तों के अनुरूप कार्य न होने पर उसकी एफडीआर राजसात की जाएगी। हालांकि बताया जा रहा है कि ठेकेदार की एफडीआर की राशि मुश्किल से 20 हजार रुपए के करीब है, जबकि भुगतान पूरा हो चुका है। स्थानीयजन बोले- धूल से जीना मुश्किल स्थानीय व्यापारी नवनीत जैन ने बताया कि सड़क निर्माण के नाम पर भारी राशि खर्च होती है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से सड़कें टिक नहीं पातीं। धूल के कारण खिड़कियां तक बंद रखना पड़ता है। गाड़ियां निकलते ही पूरा इलाका धुएं की तरह धूल से भर जाता है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर स्थानीय लोगों ने नाराज़गी जताई है।


