इंदौर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बीजेपी ने स्वदेशी पैदल मार्च निकाला गया। इसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता, नगर पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। मार्च के दौरान स्वदेशी और स्वच्छता का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा स्थल से हुई, जो गांधी प्रतिमा, रिगल टॉकीज चौराहा तक चली। दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पखवाड़े के समापन के रूप में किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में गांधी जी के स्वच्छता और स्वदेशी के विचार को देशभर में जमीन पर उतारा गया है। मेक इन इंडिया अभियान से स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा मिला है, वहीं सेना को स्वदेशी हथियारों से सशक्त किया गया है, जिससे जय जवान, जय किसान के नारे को भी सार्थक किया गया है।” सेवा पखवाड़े में लगातार कार्यक्रम बीजेपी ने पिछले 15 दिनों से सेवा पखवाड़े के तहत अलग-अलग सामाजिक गतिविधियां आयोजित की, जिनमें रक्तदान, स्वच्छता अभियान, स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार और अन्य सेवा कार्य शामिल हैं। आज के कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, कृष्ण मुरारी मोधे, पंकज संघवी, प्रवक्ता आलोक दुबे, दीपक जैन टीनू, कमल बाघेला, मुकेश मंगल, भारत पारीक, सर्वजीत गौड़, विजय मालानी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने सर्वधर्म सभा का आयोजन किया महात्मा गांधी की जयंती पर शहर कांग्रेस द्वारा सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। इस आयोजन के जरिए गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों को याद किया गया और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया गया।


