उमरिया में बाघों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व नए साल के जश्न का प्रमुख केंद्र बन गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक बांधवगढ़ पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र के सभी होटल और रिसॉर्ट पूरी तरह भर चुके हैं। 10 जनवरी तक कोर और बफर जोन की जंगल सफारी पूरी तरह बुक नए साल के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 10 जनवरी तक कोर और बफर जोन की जंगल सफारी पूरी तरह बुक हो चुकी है। क्षेत्र संचालक कार्यालय में प्रतिदिन 20 से अधिक आवेदन टिकट के लिए आ रहे हैं, वहीं वीआईपी फोन कॉल्स का दबाव भी लगातार बना हुआ है। किराए में 20 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कोर और बफर जोन मिलाकर प्रतिदिन 267 जिप्सियां जंगल सफारी के लिए एंट्री कर रही हैं। रिजर्व क्षेत्र में 70 से अधिक होटल और रिसॉर्ट संचालित हैं, जहां नए साल के कारण कमरे के किराए में 20 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जो कमरा पहले 4500 रुपए में उपलब्ध था, वही अब 6500 रुपए तक में मिल रहा है। प्राकृतिक वातावरण के बीच नया साल मना रहे पर्यटक कई पर्यटक ऐसे भी हैं जो बिना सफारी के ही होटल में ठहरकर प्राकृतिक वातावरण के बीच नया साल मना रहे हैं। इस बार बड़ी संख्या में पर्यटक बफर जोन की सफारी का भी रुख कर रहे हैं, जो पहले कम ही देखने को मिलता था। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षेत्र संचालक द्वारा सुरक्षा के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। पर्यटन जोन के सभी प्रवेश द्वारों पर अधिकारियों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ही जंगल क्षेत्र में लगातार सर्चिंग के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बोनफायर, आदिवासी नृत्य का हो रहा आयोजन वहीं, होटल और रिसॉर्ट संचालकों ने भी नए साल के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की हैं। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बोनफायर, आदिवासी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बांधवगढ़ में नया साल उत्सव और रोमांच के साथ मनाया जा रहा है।


