छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बीटी सड़क निर्माण में घटिया काम किया जा रहा था। जिसकी शिकायतें लगातार सामने आ रही थी। ऐसे में मंगलवार को कलेक्टर मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। जहां घटिया निर्माण काम की पुष्टि होने पर कलेक्टर ने 3 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के निर्देश दिए और ऐसा नहीं करने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी है। वार्ड क्रमांक 42 सोनूमुड़ा में बीटी सड़क निर्माण में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में काफी तकनीकी खामियां और गुणवत्ताविहीन पाया गया। जिसके बाद निरीक्षण में यह बात सामने आयी कि 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बन रही बीटी सड़क के निर्माण में ठेकेदार संजय केडिया की फर्म द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। नई बनी सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ने लगी है।
कलेक्टर ने निगम के इंजिनियर को फटाकर लगाई
कलेक्टर ने मौके पर ही PWD व नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में तकनीकी जांच कराई। इस दौरान कलेक्टर ने ठेकेदार और नगर निगम के कार्यपालन अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि तीन दिन के भीतर सड़क की सभी खामियों को दूर कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया जाए।
गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा है कि अगर 3 दिन के भीतर सुधार कार्य पूरा नहीं होता है तो संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही है। साथ ही दोषी इंजीनियरों व निगम के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण की मानक गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से लोक निर्माण विभाग से कराई जाए।


