थाना सदर के अधीन फुल्लांवाल इलाके की गली नंबर-4, आनंद विहार में शनिवार शाम एक 18 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रिद्धिमा कुमारी (18) पुत्री अजय के रूप में हुई है। रिद्धिमा बीटेक की छात्रा थी। उसने घर की छत के पिछले हिस्से में निकले सरिए से चुन्नी के सहारे फंदा लगाया। घटना के समय उसके माता-पिता रिश्तेदार के संस्कार कार्यक्रम में गए हुए थे। शाम को लौटने पर पिता अजय ने बेटी का शव लटकता देखा। उन्होंने तुरंत शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। थाना सदर के एएसआई कुलबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।


