खाद-बीज के बारे में सभी जानकारी दुकान के सूचना पट्ट पर देनी है यूरिया व डीएपी को निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेचने के मामले की जांच तेज कर दी गई है। कृषि मंत्री के निर्देश के बाद सभी प्रखंडों में खाद-बीज बेचने वाली दुकानों की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को कृषि निदेशक और रांची के अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर चान्हो बीडीओ वरुण कुमार और प्रभारी कृषि पदाधिकारी उपेंद्र सिंह, चान्हो थाना के एएसआई अशोक साहू ने प्रखंड में स्थित विभिन्न खाद-बीज और कीटनाशक बेचने वाली दुकानों की जांच की। टीम ने टांगर पंचायत के बीजूपाड़ा स्थित किसान सेवा केंद्र, न्यू किसान सेवा केंद्र, कृषि केंद्र, सदाबहार एग्रो सॉल्यूशन, कृषि कल्याण केंद्र एवं सिद्धि स्टोर नामक बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उक्त दुकानों में जांच टीम को कई खामियां मिली हैं। यूरिया व डीएपी को अधिक दर पर बेचे जाने की खबर दैनिक भास्कर के 22 जून के अंक में अन्नदाताओं से मुनाफाखोरी शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। जिसके बाद से जिले से लेकर प्रखंड तक कृषि विभाग इस मामले को लेकर गंभीर है। यही वजह है कि इन सभी दुकानों की जांच की जा रही है। नियमानुसार खाद-बीज दुकानों में उपलब्ध खाद/ उर्वरक, बीज और कीटनाशक की मात्रा, दर, अधिकतम मूल्य संबंधी जानकारी सूचनापट्ट पर, पॉश मशीन से तय सब्सिडाइज्ड मूल्य पर बिक्री और ऑनलाइन- ऑफलाइन मेल सहित भंडार की स्थिति की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। लेकिन जांच के दौरान कई दुकानों में ऐसा देखने को नहीं मिला। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विभागीय आदेश का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि आगे भी औचक जांच जारी रहेगी। जांच के क्रम में किसी भी दुकानदार के यहां नियमानुसार यदि कोई भी कमी पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदार का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा जिले के उच्चाधिकारियों को की जाएगी। जांच के बाद दुकानदारों में हड़कंप है।


