बीना के थाना परिसर में अब 100 फीट की ऊंचाई पर शान से तिरंगा लहराएगा। नगर पालिका ने इसकी सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और यह विशाल राष्ट्रध्वज फरवरी महीने से शहर के आसमान की शोभा बढ़ाएगा। मंगलवार शाम को नपाध्यक्ष और सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर चल रहे काम का जायजा लिया। 30 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा होगा विशाल ध्वज इस तिरंगे की खासियत इसका विशाल आकार है। 100 फीट ऊंचे पोल पर फहराने वाला यह झंडा 30 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा होगा, जिसे शहर में काफी दूर से ही देखा जा सकेगा। नगरपालिका अध्यक्ष लता सकवार ने काम की रफ्तार पर संतोष जताया और निर्देश दिए कि बाकी बचे तकनीकी काम भी जल्द से जल्द निपटा लिए जाएं। अगले सप्ताह हो सकता है उद्घाटन निरीक्षण के दौरान सीएमओ राहुल कौरव, नपा उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया और थाना प्रभारी अनूप यादव सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निर्माण कार्य अब अपने आखिरी दौर में है और पूरी संभावना है कि अगले सप्ताह समारोह के साथ इस विशाल राष्ट्रध्वज का लोकार्पण कर दिया जाएगा।


