इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों ही मानसिक और शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे थे। पुलिस के अनुसार, रविदास नगर निवासी रामगोपाल खडेलवाल (56) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उनके बेटे शिवम को तब हुई जब वह ड्यूटी से घर लौटे। रात में शव को अस्पताल ले जाया गया। परिवार ने बताया कि रामगोपाल पिछले तीन साल से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। पहले उन्हें फेफड़ों की समस्या थी, उसके उपचार के बाद किडनी और आंखों की समस्या भी उभरी। लगातार बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी तनाव के कारण वह मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगे थे। रामगोपाल के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनकी पत्नी निजी अस्पताल में मेड का काम करती हैं। इसी लसूडिया इलाके में दूसरी घटना में, निजी स्कूल परिसर में ड्राइवर मनोज (56), पुत्र मधुकर, ने जहर खा लिया। उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। मनोज स्कूल की गाड़ी चलाते थे और परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है। बताया गया है कि वह भी लंबे समय से तनाव में थे। पुलिस ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।


