डेगाना में नेशनल हाईवे-458 पर रविवार रात लंगोड़ गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो असंतुलित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डेगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बीमार पिता को संभालने आ रहे थे गांव लेकिन रास्ते में ही बरपा कहर जानकारी के अनुसार, मूलतः ग्राम चांदनी निवासी विक्रम सिंह जयपुर में मजदूरी का काम करते हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते थे। उनके पिता लंबे समय से लकवाग्रस्त हैं, जिनकी देखभाल और कुशलक्षेम जानने के लिए विक्रम सिंह अपनी पत्नी सोनी कंवर और दोनों बच्चों प्रियांशु व पूनम के साथ जयपुर से ट्रेन द्वारा डेगाना पहुंचे थे। डेगाना स्टेशन से वे बाइक पर सवार होकर अपने गांव चांदनी की ओर जा रहे थे, तभी लंगोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। परिवार गांव पहुंचकर पिता की सेवा करने की आस लगाए हुए था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा घटित हो गया। घायलों की हालत नाजुक होने पर अजमेर रेफर, चालक मौके से फरार हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को डेगाना के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने घायलों विक्रम सिंह (29) प्रियांशु (10) और पूनम (8) की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया है। हादसे में जान गंवाने वाली 27 वर्षीया सोनी कंवर के शव को डेगाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और नंबरों के आधार पर मालिक व चालक की तलाश शुरू कर दी है। तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे का मुख्य कारण प्रारंभिक जांच में पुलिस हादसे का मुख्य कारण स्कॉर्पियो चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही मान रही है। टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू करवाया।परिजनों की रिपोर्ट पर डेगाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


