सवाई माधोपुर जिला पुलिस ने प्रकाश चंद्र चेयरमैन हत्याकांड के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस की विशेष टीम ने 11 सालों से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश रणजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी दारापुर, जिला मोगा (पंजाब) मोगा से गिरफ्तार किया है। विशेष टीम ने ऑपरेशन शिकंजा के तहत मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। साल 2015 में वारदात करने के बाद था फरार सवाई माधोपुर एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि प्रेम देवी अग्रवाल, निवासी गंगापुर सिटी ने दिनांक 09 जून 2015 को थाना गंगापुर सदर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके पति प्रकाश चंद अग्रवाल की अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर वाहन में बैठते समय गोली मारकर हत्या कर दी। इस संबंध में थाना गंगापुर सदर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस अब तक 15 आरोपियों में से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि रणजीत सिंह फरार चल रहा था। रणजीत सिंह की गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा साल 2023 में 20 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था। कई राज्यों में काटी थी फरारी हत्या की वारदात के बाद आरोपी कई सालों तक अपने गांव नहीं गया। इस दौरान आरोपी पंजाब, राजस्थान एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में फरारी काटता रहा। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से पुख्ता सूचना मिलने पर विशेष टीम को पंजाब भेजा गया। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर की निगरानी कर उसे गिरफ्तार किया है।


