सिटी एंकर रांची में पहली बार बुंडू नगर पंचायत द्वारा आम नागरिकों को उनके घरों के काम के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंंगी। घर-लॉन की सफाई करानी हो या बाथरूम की सफाई या पानी टंकी साफ कराना हो, इसके लिए आपको नगर पंचायत से आदमी मिल जाएंगे। घर में शादी- ब्याह या अन्य कार्यक्रम हो तो कचरा उठाने के लिए भी लेबर नगर पंचायत उपलब्ध कराएगा। घर बनाने के लिए गड्ढा कराना हो या रोड की कटिंग कराने के लिए भी किराए पर वाहन उपलब्ध होगा। इन सभी सुविधाओं के लिए अलग-अलग रेट तय किया गया है। आम लोग निर्धारित शुल्क का भुगतान करके इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। मालूम हो कि पूर्व में रांची स्मार्ट सिटी द्वारा एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया था, जिस पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हुआ था। इस वजह से रांची शहरी क्षेत्र के लोगों को भी विभिन्न कार्यों के लिए मजदूर खोजने में परेशानी होती है। अब लोगों को मजदूर ढूंढने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा: दरअसल, अब बाथरूम, टॉयलेट की सफाई कराने, पानी टंकी की सफाई, शादी-ब्याह समारोह में साफ-सफाई और कचरा उठाने के लिए मजदूर नहीं मिलते हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए बुंडू नगर पंचायत के प्रशासक ने ये सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इससे स्थानीय मजूदरों को रोजगार ढूंढ़ने के लिए कहीं भटकना नहीं होगा। घर की सफाई के लिए 1 रु. वर्गफीट, बाथरूम के लिए 150 रु. घर और लॉन की सफाई के लिए एक रुपए प्रति वर्गफीट की दर से शुल्क देने होंगे। इसके लिए नगर पंचायत में पल्लव कुमार नायक से संपर्क करना होगा। एक बाथरूम की सफाई के लिए 150 रुपए, दो बाथरूम के लिए 250 रु और तीन बाथरूम की सफाई के लिए 300 रुपए देने होंगे। एक हजार लीटर के पानी टंकी की सफाई के लिए 1 हजार रुपए, दो हजार लीटर के टंकी के लिए 1500 रुपए और दो हजार लीटर से अधिक क्षमता वाले टंकी की सफाई लिए 2 हजार रुपए देने होंगे। पोकलेन मशीन किराए पर लेने के लिए 1100 रुपए देने होंगे। रोड कटिंग कराने के लिए 500 रुपए से 1000 रुपए देने होंगे। इसके अलावा बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में घर में बोरिंग कराने के लिए 1000 रुपए देने होंगे।


