बुजुर्गों के लिए कम्युनिटी-हॉल, स्ट्रीट-लाइट, पानी-टंकी समेत 12 प्रस्ताव मंजूर:बिलासपुर निगम में सामान्य-सभा के पहले MIC की बैठक;सत्ता-पक्ष को घेरने कांग्रेस ने बनाई रणनीति

बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक से पहले रविवार को मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक हुई, जिसमें 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिन्हें अब सामान्य सभा में रखा जाएगा। प्रमुख प्रस्तावों में बुजुर्गों के लिए सुविधाएं बढ़ाने से लेकर शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने जैसे विषय शामिल हैं। इधर, सामान्य सभा को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी के पार्षदों ने बैठक कर अपनी-अपनी रणनीति तय की है। कांग्रेस ने सत्ता पक्ष को बुनियादी समस्याओं को लेकर घेरने की रणनीति बनाई है। एमआईसी की बैठक में सबसे अहम प्रस्ताव सकरी क्षेत्र में बुजुर्गों के लिए कम्युनिटी हॉल के निर्माण को लेकर रहा। एमआईसी ने इस हॉल के निर्माण के लिए 2 एकड़ शासकीय भूमि की आवश्यकता जताई है। यह भूमि सकरी स्थित खसरा नंबर 34/1 से चिह्नांकित की गई है। नगर निगम बिलासपुर के नाम पर भूमि का आवंटन कराने की अनुमति संबंधी प्रस्ताव महापौर परिषद के समक्ष पेश किया गया। भूमि के आवंटन के बाद जल्द ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पाइपलाइन-टंकी निर्माण कार्य के लिए 7.64 करोड़ रुपए स्वीकृत इसके साथ ही बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइटों के संधारण और संचालन के लिए 1.31 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नगर निगम का मानना है कि स्ट्रीट लाइटों की बेहतर स्थिति नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिहाज से बेहद जरूरी है। इसी तरह देवरीखुर्द और सिरगिट्टी क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए पाइपलाइन और टंकी निर्माण कार्य के लिए 7.64 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। वहीं, शहर के सीवरेज सिस्टम को प्रभावी बनाए रखने के लिए 3 एसपीएस (सीवरेज पंपिंग स्टेशन) के संचालन और संधारण के लिए 2.25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी एमआईसी की ओर से पारित किया गया। इससे गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। सामान्य सभा में रखे जाएंगे सभी प्रस्ताव सभी प्रस्तावों को सामान्य सभा में रखा जाएगा, जहां से अंतिम स्वीकृति के बाद कार्यों की शुरुआत की जाएगी। निगम प्रशासन का दावा है कि ये सभी प्रस्ताव शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में अहम साबित होंगे। भाजपा का दावा-शहर विकास पर पूरा ध्यान नगर निगम की सामान्य सभा से पहले दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस ने रणनीति तय करने के लिए रविवार को अलग-अलग बैठकें की। भाजपा पार्षदों की बैठक शहर विधायक अमर अग्रवाल के निवास में आयोजित की गई, जिसमें विधायक अमर अग्रवाल के अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह और सुशांत शुक्ला मौजूद रहे। बैठक में मेयर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी व सभी एमआईसी सदस्य और पार्षद शामिल हुए। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार शहर के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित हैं। अभी सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों पर काम हो रहा है। आगामी समय में बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएंगे। बैठक में पार्षदों को सामान्य सभा में मजबूती से पक्ष रखने और जनता के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। कांग्रेस बोली- बुनियादी समस्याओं के लिए तरस रही जनता दूसरी ओर कांग्रेस पार्षदों की बैठक पूर्व सभापति शेख नजरूद्दीन के निवास पर हुई। इस बैठक में साफ-सफाई, जल संकट, सड़क और नाली निर्माण जैसे मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति बनाई गई। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि भाजपा की त्रिपल इंजन सरकार के दावों के बावजूद शहरवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी परेशान हैं। जन समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाने और जनहित से जुड़े विषयों पर दबाव बनाने पर सहमति बनी। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि प्रशासनिक अमला भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है। जानिए क्या है एमआई के प्रमुख प्रस्ताव ? कल होगी सामान्य सभा की बैठक नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 6 अक्टूबर को होगी। यह महापौर पूजा विधानी के कार्यकाल की दूसरी सामान्य सभा होगी। नगर निगम की यह सामान्य सभा को महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में कुल 37 एजेंडे शामिल हैं, जिनमें से 27 एजेंडों का संबंध जाति-प्रमाणपत्र से है। शेष एजेंडों में शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। प्रमुख एजेंडों में व्यापार विहार क्षेत्र में जीएसटी कार्यालय के सामने बनने वाले कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 4.90 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस परियोजना से निगम की व्यापारिक आय में वृद्धि की उम्मीद है। इसके अलावा, ​सिरगिट्‌टी क्षेत्र में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स क्लब और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर भी प्रस्ताव रखा जाएगा। यह प्रोजेक्ट युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *