अलवर में बुजुर्ग महिला से उसके देवर के बेटे ने ही 25 लाख रुपए और करीब 14 तोला सोना हड़प लिया। महिला घर में अकेली रहती है। एक बेटा है, जो बाहर रहता है। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने रुपए-गहने हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। कोतवाली थाने के ASI विजेंद्र सिंह ने बताया कि परिवादी शिवपुरा केड़लगंज की रहने वाली चंद्रकांता शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका देवर का लड़का चेतन शर्मा उसके पास रहता था। उसने झांसे में लेकर बैंक ले जाकर फर्जीवाड़ा कर उसके खाते से 25 लाख रुपए निकाल लिए। इसके अलावा घर के अंदर से 14 लाख रुपए का सोना लेकर पार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की। इसके बाद आरोपी चेतन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।


