श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती के दौरान मंदिर के कपाट खोले गए। सबसे पहले वीरभद्र जी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया तथा आज्ञा लेकर चांदी द्वार खोला गया। गर्भगृह के पट खुलते ही पुजारी द्वारा भगवान का श्रृंगार उतारकर पंचामृत पूजन किया गया, जिसके बाद कर्पूर आरती संपन्न हुई। भगवान महाकाल को भांग, चंदन, सिंदूर एवं आभूषणों से गणेश भगवान के स्वरूप में श्रृंगारित किया गया। नंदी हॉल में नंदी जी का स्नान, ध्यान एवं पूजन किया गया। जल से भगवान महाकाल का अभिषेक करने के पश्चात दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। इसके बाद ड्रायफ्रूट, फल एवं मिठाई का भोग लगाकर भस्म अर्पित की गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला तथा सुगंधित पुष्पों से बनी फूलों की माला धारण की। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुँचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।


