बुरहानपुर के केरपानी में धर्मांतरण करने का आरोप:दिनभर चले हंगामें के बाद 10 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज; जांच जारी

बुरहानपुर के नेपानगर क्षेत्र के केरपानी में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। इस मामले में दिनभर चली कार्रवाई के बाद शाम 7.20 बजे नेपा पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को की गई शिकायत में बलिराम पिता सीताराम किराड़े निवासी केरपानी ने बताया कि शुक्रवार को मुझे अपने दोस्त के माध्यम से पता चला कि संतोषी माता मंदिर के पास केरपानी में शांतिलाल बड़ोले के घर पर ईसाई धर्म की प्रार्थना का कार्यक्रम चल रहा है। तब मैं वहां गया। वह धर्म परिवर्तन करने का लालच दे रहे थे। मुझे भी लालच दिया, लेकिन मैं लालच में नहीं आया। अपने दोस्तों को यह बात बताई। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी लगने पर वह भी मौके पर पहुंचे। नावरा चौकी पुलिस को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने मौके पर पहुंचे। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल भी यहां पहुंची और कुछ लोगाें को वहां से नेपानगर थाने ले गए। बजरंग दल के कार्यकर्ता उमेश नंदे, गौरव महाजन, शुभम पाछे ने बताया कि केरपानी से दो किमी दूर एकांत स्थान पर संतोषी माता मंदिर के पास एक आदिवासी परिवार के खेत में लोग जमा थे। इसमें बाहरी लोग भी थे, इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इन आरोपियों पर दर्ज किया केस पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। इसमें शांतिलाल पिता भायटा वडोले निवासी केरपानी, प्यार सिंग पिता सालम भिलाला मांजरोद, काशीराम पिता रगला फेलवाड़ी खकनार, गुड़िया जाग सिंग पवार उसारणी खकनार, सुखलाल इसमल सोलंकी उसारनी, नरसिंग सिलदार राम नगर खंडवा, शैलेप याकूव गायकवाड़ खकनार, सुगंधी बाई बवन गायकवाड़ खकनार, एजेला शैलेप गायकवाड़ शिर्डीपुरम खकनार, डेनियल डेविड पलसपगा निवासी स्मृतिनगर वाडी थाना वाड़ी नागपुर महाराष्ट्र शामिल है। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने बताया- केरपानी में शांतिलाल के घर कोई कार्यक्रम था। समाज और बाहरी लोग आए थे, उनके द्वारा धर्मांतरण का लालच दिया गया। शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर की गई है। मामला विवेचना में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *