बुरहानपुर में बाघों की गणना के लिए लगाए गए ट्रैप कैमरों में से तीन चोरी हो गए। वन विभाग की बीट गउमाल के कक्ष क्रमांक 362 से तीन ट्रैप कैमरे चोरी हो गए। इस क्षेत्र में कुल 18 कैमरे लगाए गए थे। चोरी हुए कैमरे ग्रिड नंबर 73 ए, 81 ए और 81 बी में स्थापित किए गए थे। वन परिक्षेत्र सहायक रघुवेंद्र राणावत के अनुसार, ये कैमरे 20-21 दिसंबर 2024 को लगाए गए थे। 15 फरवरी को सुबह लगभग 9 बजे जब कैमरों की जांच की गई, तो वे गायब मिले। स्थानीय गांवों में पूछताछ करने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। इस घटना की शिकायत खकनार थाने में दर्ज कराई गई है। महत्वपूर्ण यह है कि वन विभाग को मुख्यालय से दिसंबर 2024 में वन्यप्राणियों की गणना और निगरानी के लिए 600 ट्रैप कैमरे प्राप्त हुए थे। इन कैमरों को जिले के 300 विभिन्न स्थानों पर पेड़ों पर लगाया गया था और इनकी निगरानी जिला मुख्यालय से की जा रही थी।


