बुरहानपुर में जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा शनिवार को एक दिवसीय उपवास किया गया। यह उपवास सुबह 11 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक गांधी चौक पर जारी रहेगा। कांग्रेस ने मनरेगा के कानूनी अधिकार समाप्त करने, पानी की गुणवत्ता के आंकड़ों और इंदौर के भागीरथपुरा में हुई घटना के विरोध में यह प्रदर्शन किया। उपवास के दौरान इंदौर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पीड़ित परिवारों से मिलने का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कांग्रेस नेताओं ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के दोषियों पर कार्रवाई न होने और पीड़ितों को न्याय न मिलने का मुद्दा उठाया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टाक ने बताया कि बुरहानपुर में भी पिछले दो साल से दूषित पानी की समस्या बनी हुई है, जिसके लिए कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इंदौर के दोषियों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस पार्टी इसी तरह आंदोलन करती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक हमीद काजी, नगर निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव, शैली कीर, शेख रूस्तम, सलीम कॉटनवाला, अरुण जोशी, फहीम हाशमी, आशीष भगत सहित कई अन्य कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


