बुरहानपुर में कांग्रेस ने मंगलवार को संविधान निर्माता डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर के सम्मान में मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने न्यामतपुरा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एसडीएम कार्यालय तक सम्मान मार्च निकालकर एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें गृहमंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष- गृहमंत्री को तुरंत उनके पद से बर्खास्त करें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रिंकू टाक ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर पर तिरस्कार पूर्ण टिप्पणी कर उनका घोर अपमान किया है। अंबेडकर का अपमान देश का अपमान है और इस तरह के कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी देश के प्रधानमंत्री से यह मांग करती है कि यदि आपके मन में बाबा साहब के प्रति जरा भी सम्मान की भावना है तो गृहमंत्री अमित शाह को तुरंत उनके पद से बर्खास्त करें। प्रवक्ता शेख रुस्तम- गृहमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए कांग्रेस के प्रवक्ता शेख रुस्तम ने कहा कि गांधी जी, नेहरु जी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहब अंबेडकर को अपमानित करने उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास प्रारंभ किया है। केंद्र की भाजपा सरकार संसद के प्रति ना तो अपनी जवाबदेही का निर्वहन कर रही है और ना ही जनहित के मुद्दों पर चर्चा करना उसकी परंपरा रही है। गृहमंत्री अमित शाह को देश से माफी मांगना चाहिए। संविधान को अपने माथे से लगाने वाले देश के प्रधानमंत्री को संविधान निर्माता के किए गए अपमान पर गृहमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए।


