बुरहानपुर में जनप्रतिनिधियों ने ताप्ती जल से किया जलाभिषेक:सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर शिव मंदिर में पूजन

बुरहानपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत राजघाट स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया गया। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर माधुरी अतुल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित कई जनप्रतिनिधियों ने ताप्ती नदी के जल से शिवलिंग का पूजन किया और ताप्ती मैया की आरती की। यह पर्व सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के एक हजार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक गौरव की अक्षुण्ण विरासत के प्रतीक सोमनाथ मंदिर पर जनवरी 1026 में पहला आक्रमण हुआ था। इस पूजन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पावरलूम फेडरेशन के अध्यक्ष जयंती नवलखे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ, पूर्व महापौर अनिल भोंसले, रेलवे सलाहकार समिति सदस्य पंकज नाटानी और जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 जनवरी को गुजरात के सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होंगे। सांसद पाटील ने कहा कि 1026 के आक्रमण और उसके बाद हुए कई हमलों के बावजूद हमारी शाश्वत आस्था डिगी नहीं, बल्कि इससे भारत की सांस्कृतिक एकता की भावना और सशक्त हुई है। भगवान शिव का यह मंदिर आज भी भारत के समृद्ध इतिहास और आस्था की अटूट शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्वनिर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष इस साल मई में पूरे होंगे। यह मंदिर 11 मई 1951 को भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में श्रद्धालुओं के लिए खोला गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *