बुरहानपुर में बंद ट्रेनों और स्टॉपेज बहाल करने की मांग:सांसद पाटील ने डीआरएम को बताई क्षेत्र के लोगों की परेशानी, रेल सुविधाओं को लेकर हुई बैठक

भुसावल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बेहतर करने को लेकर सोमवार को भुसावल में एक अहम बैठक हुई। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने डीआरएम पुनीत अग्रवाल और वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ रेल सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने, नई रेल सेवाएं शुरू करने, स्टेशन सुविधाओं में सुधार, ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के निर्माण में तेजी तथा रेलवे क्रॉसिंग की सुरक्षा बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सांसद ने लालबाग-चिंचाला में 46 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। इस पर डीआरएम ने भरोसा दिलाया कि यह कार्य जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और स्टेशनों पर स्टॉपेज बढ़ाने के लिए कहा
सांसद पाटील ने नेपानगर स्टेशन पर कोविड काल से बंद ट्रेनों के ठहराव को दोबारा शुरू करने की मांग रखी। डीआरएम ने बताया कि इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा सांसद ने खंडवा–सनावद मेमू ट्रेन को भुसावल तक बढ़ाने और त्रयंबकेश्वर से ओंकारेश्वर तक नई ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे बीच के स्टेशनों के यात्रियों को सुविधा मिल सके। डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी ने बुरहानपुर और आसपास के स्टेशनों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर स्टेशन के डाउन प्लेटफार्म नंबर-2 पर शौचालय की सुविधा नहीं है, जिसे जल्द शुरू किया जाना चाहिए। सांसद द्वारा स्वीकृत गुड्स शेड का काम बंद पड़ा है, जिसे तत्काल शुरू करने की मांग की गई। साथ ही गुड्स शेड तक जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण, बड़नेरा–खंडवा रेल कनेक्टिविटी शुरू करने, मलकापुर में रुकने वाली ट्रेनों का बुरहानपुर में भी स्टॉपेज देने और नेपानगर के मातापुर बाजार रेलवे गेट पर अंडरपास का काम जल्द पूरा करने की जरूरत बताई गई। बैठक में रेलवे अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक में पंधाना विधायक छाया मोरे, डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी और मनोज सोनी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *