भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार बुधवार शाम करीब 7 बजे बुरहानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने राजस्थानी भवन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने सरकार को खेल की तरह नहीं, बल्कि सेवा भाव से चलाया है और इसी सोच के साथ देश और मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाया है। कांग्रेस पर साधा निशाना पवन पाटीदार ने कहा कि कांग्रेस नेता पहले कहते थे कि “इस दीये में तेल नहीं, सरकार चलाना खेल नहीं”, लेकिन भाजपा ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सेवा भाव से सरकार चलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा जन-जन से जुड़ी है और उसे सरकार चलाना आता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। पिछड़ा वर्ग मोर्चा को मजबूत करने पर जोर अपने संबोधन में पाटीदार ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा को पार्टी की पहली पंक्ति में सशक्त रूप से खड़ा करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पिछड़े वर्ग के लोगों तक पूरी ईमानदारी से पहुंचाया जाए। बुरहानपुर में पहली बार आगमन पर पवन पाटीदार का विधायक अर्चना चिटनिस, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील वाघे, महापौर माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक अर्चना चिटनिस ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने की अपील की, जबकि जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार रखे। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


