बुरहानपुर में कृषि विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए। यह कार्रवाई बीज के नमूने अमानक पाए जाने के बाद की गई है। उपसंचालक कृषि विभाग एमएस देवके ने बताया कि रबी वर्ष 2025 में किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के आदान विक्रेताओं से बीज के नमूने लिए गए थे। इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। परीक्षण के दौरान आठ विक्रेताओं के बीज के नमूने अमानक स्तर के पाए गए। इनमें श्रीगणेश कृषि केन्द्र सिरपुर का मक्का बीज किस्म सायाजी 1018, मुक्ताई कृषि केन्द्र सिरपुर का मक्का बीज किस्म गोल्ड 1121, रितेश कृषि केन्द्र देड़तलाई का गेहूं बीज किस्म सायाजी 1111, श्री सांई सिद्धि एग्रो एण्ड हार्डवेयर धावटी का मक्का बीज किस्म सायाजी 1013, श्री हरी एग्रो नावरा का मक्का बीज किस्म एनके 6802, चेतन कृषि सेवा केन्द्र खकनार का मक्का बीज किस्म एनके 6802, सत्यम कृषि केन्द्र नेपानगर का गेहूं बीज किस्म सकुन 303 और हरियाली एग्रो एजेन्सी सिरपुर का मक्का बीज किस्म सायाजी 1012 शामिल हैं। अमानक पाए गए इन लॉट के बीजों के क्रय, विक्रय और भंडारण पर जिले में प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित आठ विक्रेताओं के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।


