बुरहानपुर साइबर सेल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़ित को राहत देते हुए उनके बैंक खाते से निकाले गए 1 लाख 6 हजार रुपए वापस दिलाए। धोखाधड़ी एक एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक करके और क्रेडिट कार्ड ओटीपी का दुरुपयोग कर की गई थी। पीड़ित ने शिकायत मिलते ही साइबर सेल से मदद मांगी, जिसके बाद पूरी राशि सुरक्षित रूप से उनके खाते में लौटा दी गई। शिकारपुरा के मोमिनपुरा थाना क्षेत्र के निवासी नीरज असेरकर ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी। क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड का ओटीपी आया और धोखेबाजों ने 1,06,948 रुपए निकाल लिए। ठगी की रकम से ऑनलाइन फोन ऑर्डर किए गए धोखेबाजों ने निकाली गई राशि से फ्लिपकार्ट ऐप पर एक आईफोन और एक नथिंग फोन ऑर्डर कर दिए थे। मामला समझ में आते ही पीड़ित ने तुरंत बुरहानपुर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। एसपी देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर साइबर सेल टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की। इसके बाद फ्लिपकार्ट के नोडल अधिकारी से ईमेल और फोन के जरिए संपर्क कर ऑनलाइन ऑर्डर रद्द करवाए। साइबर सेल प्रभारी प्रीतम सिंह ठाकुर, आरक्षक दुर्गेश पटेल, सत्यपाल बोपचे, ललित चौहान और शक्तिसिंह तोमर के प्रयासों से पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस कर दी गई। साइबर हेल्प डेस्क और 1930 हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि जिले के सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क उपलब्ध है। ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर पीड़ित तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा एनसीआरपी पोर्टल पर या नजदीकी थाने में साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


