शहर के मुख्य लोहिया बाजार और मिर्च बजरिया क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा सड़क पर किए गए स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार दोपहर नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम के जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। चबूतरे, सीढ़ियां और नाले पर बढ़े ढांचे तोड़े
लंबे समय से दुकानों के बाहर बनाए गए चबूतरे, सीढ़ियां, बाहर तक निकला सामान, नाले पर फैलाया गया अवैध निर्माण, सड़क को संकरा कर रहे थे, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत होती थी। आज प्रशासन ने इन सभी अतिक्रमणों को जेसीबी से हटाकर रास्ता पूरी तरह साफ करवाया। कुछ व्यापारियों ने खुद हटाया अतिक्रमण
प्रशासनिक टीम को बुलडोज़र चलाते देख कई व्यापारी खुद ही अतिक्रमण हटाने में जुट गए।कुछ ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपना अवैध निर्माण स्वयं हटाना चाहते हैं और इसके लिए थोड़ा समय दिया जाए। टीम की कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी
जैसे ही जेसीबी मशीनों की आवाज़ गूंजी, पूरा लोहिया बाजार हलचल से भर गया। कई व्यापारी तुरंत दुकानें बंद कर बाहर निकले और अपने-अपने अतिक्रमण हटाने लगे। रास्ता पूरी तरह क्लियर किया गया
तहसीलदार सीताराम वर्मा ने बताया कि व्यापारियों ने नाले से बाहर तक दुकानें फैलाकर अस्थाई अतिक्रमण कर लिया था। उन्होंने कहा “नगर निगम की टीम के साथ मिलकर रास्ता क्लियर करवाया गया है। सभी अस्थाई अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। भविष्य में यदि कोई नाले से बाहर निकलकर अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”


