ग्वालियर की सिरोल थाना पुलिस ने एक महिला के फांसी लगाकर खुदकुशी के मामले में उसके पति पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति पर खुदकुशी के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका को उसका पति दहेज में बुलेट की मांग कर रहा था। जब वह दहेज लाने में असमर्थता दिखाती थी तो पति उससे मारपीट करता था। इतना ही नहीं पत्नी की मौत के बाद पति ने उसके चरित्र पर संदेह जताते हुए पुलिस की जांच का एंगल भी मोड़ने का प्रयास किया था। पर मृतका के मोबाइल और मायके पक्ष के बयानों के बाद सारी स्थिति स्पष्ट हुई है। ऐसे समझिए पूरा मामला
शहर के सिरोल स्थित हरिखेड़ा मार्ग मेहरा टोल के पास रहने वाली एक 19 वर्षीय नवविवाहिता कविता पत्नी शिवदयाल जाटव ने 15 दिसंबर की दोपहर फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना का पता चलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को निगरानी में लिया था। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के पति पर प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू की थी। घटना के बाद मृतका के पति ने एक युवक के साथ संबंध होने के आरोप लगाकर बदनाम करने का प्रयास किया था। जिससे पुलिस की जांच की दिशा बदल जाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी आने के बाद जांच शुरू कर दी थी।
दहेज में बुलेट लाने के लिए परेशान करता था पति
सिरोल थाना पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि तो पता लगा कि शादी के बाद से ही मृतका को उसका पति दहेज में बुलेट बाइक लाने के लिए प्रताड़ित कर रहा था। जब भी वह दहेज की बात का विरोध करती थी तो उससे मारपीट करता था। कविता के मायके पक्ष ने भी कई बार शिवदयाल को समझाया था, लेकिन वह समझने को तैयार नहीं था। रोज-रोज के क्लेश से तंग आकर कविता ने फांसी लगाकर जान दी थी।
पुलिस का कहना
इस मामले में सिरोल थाना प्रभारी आलोक भदौरिया ने बताया कि एक महिला के खुदकुशी के मामले की जांच के बाद सामने आया है कि दहेज में बुलेट बाइक की मांग करते हुए पति उसे प्रताड़ित कर रहा था। जिस पर उसने परेशान होकर यह कदम उठाया था। मृतका के पति पर मामला दर्ज किया गया है।


