श्रीगंगानगर जिले में शनिवार को हुई बूंदाबांदी का असर रविवार को भी नजर आया। शनिवार शाम अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 11.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इसके असर से रविवार सुबह हलका कोहरा छाया रहा और सर्द हवा से ठिठुरन बनी रही। हालात कंपकंपी वाले रहे। सुबह के समय सड़कों पर निकले लोग ऊनी कंबल से खुद का ढके नजर आए। रविवार का दिन होने से हालांकि सड़कों पर आवाजाही कम थी, लेकिन सब्जी, दूध और ब्रेड के विक्रेता ठिठुरते हुए सड़कों पर निकले दिखे। जिले में वेस्टर्न डिस्टरबेंस असर दिखा रहा है। इसके असर से शनिवार रात तक बूंदाबांदी जारी थी।वहीं रविवार सुबह बरसात तो नहीं थी लेकिन भीगी सड़कों पर तेज सर्दी का एहसास बना हुआ था। मौसम के एक्सपर्ट बताते हैं कि अगले चौबीस घंटे भी सर्द रह सकते हैं। इस दौरान कोहरा छा सकता है और जिले में कुछ जगह बूंदाबांदी भी हाे सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावट बूंदाबांदी के असर से शनिवार को अधिकतम तापमान में 11.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का असर यह था कि सुबह से दिन बेहद सर्द बना हुआ था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था वहीं शनिवार को यह 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी सुबह 90 प्रतिशत और शाम को 97 प्रतिशत रही। सर्दी के चलते अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। चाय और कॉफी का उपयोग कर सर्दी दूर भगाई गई।


