बूंदी जिले की क्वारती मंडी (नमाना रोड) में धान बेचने आए किसानों को इन दिनों भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में 5 किलोमीटर लंबी कतारों में सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सिलोर काजरी निवासी अभिषेक मीणा ने बताया कि वे धान की फसल बेचने के लिए मंडी पहुंचे थे। उन्हें रात 8 बजे से लाइन में लगना पड़ा और लगभग रात 1 बजे ही वे मंडी परिसर में प्रवेश कर पाए। अभिषेक के अनुसार, मंडी तक पहुंचने वाली लाइन लगभग 5 किलोमीटर लंबी थी, जिसमें सैकड़ों वाहन खड़े थे। यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि रोजाना का सिलसिला बन चुकी है। कई बार तो मंडी तक पहुंचने में 24 घंटे से भी अधिक समय लग जाता है। किसानों का कहना है कि फसल पैदा करने के बाद उसे बेचने के लिए घंटों लंबी लाइन में इंतजार करना पड़ता है। किसानों ने सरकार और प्रशासन से मंडियों में बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित लाइन व्यवस्था और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करने की मांग की है। किसानों की मांग है कि उन्हें अपनी मेहनत की फसल बेचने में अनावश्यक परेशानी न हो और समय पर भुगतान प्राप्त हो सके।


