बूंदी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहर के पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 प्रतिभाओं को जिला कलक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मार्च पास्ट में आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक व्यायाम ने सभी में नई ऊर्जा का संचार किया। राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की बालिकाओं के सामूहिक नृत्य और इम्मानुएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूहगान ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में आरवीटीआर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न विभागों की झांकियां भी निकाली गईं। इस अवसर पर नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीना, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। मुख्य समारोह का सफल संचालन लोकेश वशिष्ठ ने किया। इससे पूर्व, जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने जिला कलेक्टर कार्यालय, कलेक्टर निवास, जिला परिषद और रेडक्रॉस भवन पर भी ध्वजारोहण किया। जिले के सभी राजकीय व निजी संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया।


