बूंदी के तालेड़ा खंड के जाखमुंड मंडल में हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह सम्मेलन 3 फरवरी मंगलवार को तेजाजी मंदिर प्रांगण में होगा। इस संबंध में जाखमुंड ग्राम में एक बैठक हुई।
बैठक में जाखमुंड, गोविंदपुर, बावड़ी, रामपुरिया और तुलसी सहित मंडल के सभी ग्रामों के समाजजनों ने भाग लिया। इस दौरान हिंदू सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए एक समिति का गठन भी किया गया। सम्मेलन के दौरान कलश यात्रा, शोभायात्रा, वाहन रैली और प्रभातफेरी जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। बैठक में वक्ता चंद्रप्रकाश चौधरी ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सुझाव भी दिए। आयोजन समिति में अध्यक्ष देवेंद्र सिंह हाड़ा, संयोजक देवराज पाराशर, उपाध्यक्ष हंसराज बंजारा (सरपंच) और कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश लोधा शामिल हैं। बैठक में उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्साह दिखाया, जिससे युवा भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।


