बूचड़खाने ले जाई जा रही छह भैंसें मुक्त:पेंड्रा पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार किया;1 हजार की मजदूरी पर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था

पेंड्रा थाना पुलिस ने अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाई जा रही छह भैंसों को मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सुरंगटोला मसुरीखार तालाब के पास जंगल मार्ग पर की गई। सहायक उप निरीक्षक अवधेश यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति जंगल के रास्ते मवेशियों को पीटते हुए मध्यप्रदेश की ओर बूचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक अरुण तिर्की और आरक्षक प्रमोद खलखो सहित पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जंगल मार्ग पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी मवेशियों को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मानसिंह ओट्टी (38), निवासी नरौर, थाना गौरेला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी मानसिंह ओट्टी ने बताया कि वह रामसिंह ग्राम कोदवाही के कहने पर 1,000 रुपए की मजदूरी पर मवेशियों को मध्यप्रदेश ले जा रहा था। उसके कब्जे से छह भैंसे बरामद किए गए, जो कमजोर हालत में थे और उनके पास कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था। बरामद किए गए पशुओं को महासाय गौठान में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु कृषक अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *