बूढ़े शब्द के प्रयोग से बचें, वरिष्ठ नागरिक का उपयोग करें: नायक

भास्कर न्यूज| रायगड़ा जिला परिषद सभाकक्ष में जिला सामाजिक सुरक्षा व दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग ने माता–पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण व कल्याण अधिनियम–2007 पर शनिवार को जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सामान्य) नवीन चंद्र नायक ने की। अतिरिक्त जिला कलेक्टर नवीन चंद्र नायक ने माता–पिता के महत्व और बच्चों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारी पहचान हमारे माता–पिता से है, इसलिए उनके अंतिम श्वास तक सेवा करना प्रत्येक संतान का कर्तव्य है। उन्होंने बुढ़ा शब्द के प्रयोग से बचते हुए वरिष्ठ नागरिक शब्द के सम्मानजनक उपयोग पर जोर दिया। अन्य अतिथियों ने पारिवारिक जिम्मेदारियों, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में पारिवारिक विवाद, एकाकीपन, स्वास्थ्य समस्याओं जैसे विषयों पर चर्चा की गई और माता–पिता व वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण व कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीकांत कुमार पाणिग्रही ने किया। हेल्प एज इंडिया एनजीओ की ओर से देवश्री ब्रह्मा और रंजय कुमार दास ने अधिनियम से संबंधित कानूनी अधिकारों व प्रक्रियाओं की जानकारी देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सरस्वती माझी, पंचायत समिति अध्यक्ष टुनी हुइका, जिला सूचना व जनसंपर्क अधिकारी बसंत कुमार प्रधान, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष विनोद चंद्र पंडा, रायगड़ा नगरपालिका की उपाध्यक्ष शुभ्रा पंडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *