राजधानी रायपुर की 95.79 करोड़ रुपए की चित्रोत्पला फिल्म सिटी और 51.87 करोड़ रुपए की लागत से जनजातीय और सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाएगा। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह जानकारी दी। दरअसल प्रश्न काल में बृजमोहन ने पूछा था कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय फलक पर चर्चित करने के लिए कौन कौन सी योजना संचालित हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2014-15 में स्वदेश दर्शन योजना की शुरुआत के बाद से पर्यटन मंत्रालय ने विभिन्न विषयगत परिपथों के अंतर्गत 5287 करोड रुपए की लागत की कुल 76 परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिसमें छत्तीसगढ़ की एक परियोजना भी है। स्वदेश दर्शन योजना के तहत छत्तीसगढ़ में जनजाति परिपथ के तहत 96.10 करोड़ की लागत से जशपुर- कुनकुरी- मैनपाट-कमलेशपुर- महेशपुर- सरोधादादर- गंगरेल – कोंडागांव -नथियानवागांव जगदलपुर -चित्रकूट- तीर्थगढ़ का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा 44.84 करोड़ से मां बमलेश्वरी मंदिर में सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। रायपुर में 95.79 करोड़ से फिल्म सिटी व रायपुर में 51.87 करोड़ की लागत से जनजातीय और साँस्कृतिक सम्मेलन केंद्र का भी विकास किया जा रहा है।


