अमृतसर | शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने सरकार से श्री गुरु ग्रंथ साहिब एवं सिखों के ककारों की बेअदबी करने वालों के खिलाफ फांसी की सजा निर्धारित करने के प्रावधान की वकालत की है। एसजीपीसी के प्रधान धामी ने कहा कि इस कानून में संधोशन करने का नैतिक अधिकार तो केंद्र सरकार का है। केंद्र सरकार को मौजूदा भारतीय न्यायिक संहिता के तहत इसमें संशोधन करते हुए फांसी की सजा का प्रावधान लागू करना चाहिए लेकिन अगर पंजाब सरकार इसमें संशोधन करने प्रति गंभीर है तो सरकार को फांसी की सजा से कम कोई प्रावधान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई घटना होती है तो पुलिस आरोपी को पागल करार देकर मामला रफा-दफा कर देती है। 3 साल में किसी को कोई सख्त सजा नहीं हुई। नए संशोधन के तहत ककारों की बेअदबी को भी सख्त सजा के प्रावधान में शामिल किया जाना चाहिए। आप सरकार को बेअदबी के केसों की गहराई तक जांच करनी चाहिए। इसकी तह तक जाना चाहिए।


