बेकाबू ट्रैक्टर पलटा, नीचे दबने से ड्राइवर की मौत:चूरू के रतनगढ़ में NH-11 पर हुआ हादसा, जैसलमेर से सीकर जा रहा था ड्राइवर

चूरू के रतनगढ़ में शुक्रवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (NH-11) पर एक ट्रेक्टर पलटने से उसके ड्राइवर की मौत हो गई। यह हादसा गुंसाईसर फांटा के पास हुआ, जहां ट्रेक्टर बेकाबू होकर पलट गया और ड्राइवर उसके नीचे दब गया। मृतक की पहचान सीकर जिले के बावड़ी गांव निवासी देवाराम जाट (50) के रूप में हुई है। देवाराम जैसलमेर से अपने गांव सीकर की ओर जा रहे थे। उनके ट्रेक्टर के पीछे एक थ्रेसर मशीन भी लगी हुई थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रेक्टर के नीचे फंसे देवाराम को बाहर निकाला और टोल एम्बुलेंस की मदद से जालान अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रतनगढ़ थाने के हेड कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश मीणा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। अस्पताल में कांग्रेस नेता रामवीरसिंह राईका और बाबूलाल स्वामी भी मौजूद थे, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। देवाराम के पीछे दूसरा ट्रेक्टर लेकर आ रहे उनके साथी, खाटूश्याम निवासी रोहिताश जाट (25) ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिससे शव की शिनाख्त हो पाई। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *