जशपुरनगर | सन्ना थाना क्षेत्र के नन्हेसर हर्रामोड़ के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। कार में सवार पटवारी अरुण लकड़ा इस हादसे में सुरक्षित बच निकले। जानकारी के अनुसार अरुण लकड़ा आरआई कार्यालय सन्ना से चंपा स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहे थे। मोड़ पर कार की गति अधिक होने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में कार को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जानमाल की बड़ी हानि नहीं हुई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर डिवाइडर या कोई सुरक्षा बैरियर नहीं है।


