करौली के मंडरायल क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। यहां एक ब्रेजा कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे गिर गई। हादसे के तुरंत बाद धमाके के साथ कार में आग लग गई। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और ग्रामीणों की मदद से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। यह हादसा मंडरायल के औण्ड मार्ग पर मारकाकुआ के पास हुआ। तेज गति से चल रही ब्रिजा कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे जा गिरी। सड़क से नीचे गिरते ही कार में आग लग गई, जिसने जल्द ही बड़ा रूप ले लिया। कार में सवार लोगों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन आग के कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही मंडरायल थाना अधिकारी रामचंद्र रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में मासलपुर निवासी शिवसिंह मीणा और जाघरपुरा निवासी चिंटू मीणा घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तुरंत मंडरायल सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और यातायात को सामान्य किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


