बेखौफ अपराधी:अपराधी ने चाय की चुस्की ली, कार आते ही लूटकर फरार, पुलिस के हाथ लगे सिर्फ फुटेज

ओटीसी मैदान के पास हथियार लेकर पहुंचा अपराधी चाय की चुस्की लेते हुए अकाउंटेंट सुमित गुप्ता के पहुंचने का इंतजार करता रहा। लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। एसएसपी ने घटना के बाद आनन-फानन में पेट्रोलिंग ड्यूटी में तैनात पदाधिकारी व जवानों को ड्यूटी में लापरवाही बरते जाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। दिन-दहाड़े 13 लाख रुपए लूटने और गोली मारकर भागने के बाद पुलिस महकमा रेस हो गया। एक अपराधी का फुटेज जारी करते हुए 20 हजार के इनाम की घोषणा की गई है। एसएसपी व पंडरा ओपी प्रभारी समेत 4 पदाधिकारी के नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर फोन कर लुटेरे की जानकारी दी जा सकती है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को अपराधियों के बारे में कोई अहम जानकारी नहीं मिल पाई थी। टेक्निकल सेल की मदद से अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। इन्हें दे सकते हैं अपराधी की जानकारी, नाम-पता गुप्त रखेगी पुलिस : गोलीबारी व लूटकांड में शामिल अपराधियों के बारे में कोई भी व्यक्ति एसएसपी के 9431706136, सिटी एसपी के 9431706137, कोतवाली डीएसपी के 9431770077 या पंडरा ओपी प्रभारी के 8709841485 नंबर पर फोन कर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले को रांची पुलिस की आेर से 20 हजार रुपए का नगद इनाम दिया जाएगा। वहीं सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। 5 दिन में दूसरी लूट, काठीटांड़ में लूटा गया था 13.66 लाख राजधानी में पिछले 5 दिनों में रुपए लूटने की यह दूसरी घटना है। बाइक सवार अपराधी पिछले गुरुवार को ही काठीटांड़ स्थित एसबीआई शाखा के बाहर से 13.66 लाख पेट्रोल पंप के कैशियर से लूटकर फरार हो गए थे। कैशियर विमल कुमार मिश्रा ने रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा था कि वह कमड़े स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से कार में सवार होकर पैसा जमा करने पहुंचे थे। जैसे ही गाड़ी से उतरे, बाइक सवार अपराधी पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस को अबतक इस लूटकांड में भी शामिल अपराधियों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। पेट्रोलिंग गाड़ी अक्सर रहती है सड़क से गायब राजधानी के सभी थानों में एक या दो पेट्रोलिंग गाड़ी है, जिसमें तैनात पदाधिकारी व जवान तीन शिफ्ट में बंट कर 24 घंटे ड्यूटी करते हैं। हालांकि यह पेट्रोलिंग गाड़ी तब तक नहीं पहुंचती, जब तक उन्हें फोन कर संबंधित जगह पर जाने का आदेश नहीं दिया जाए। अक्सर पेट्रोलिंग गाड़ी मुख्य सड़क से गायब रहती हैं। पीसीआर भी सिर्फ दिखावे का ही है। इसमें तैनात पुलिसकर्मी भी पूरी तरह से सुस्त रहते हैं। इनकी मॉनिटरिंग करने वाला भी कोई नहीं है। जब कभी कोई बड़ी घटना होती है तो वरीय अधिकारी रेस होते हैं और फिर समय बीतते ही सभी सुस्त पड़ जाते हैं। पुलिस बोली… एक गोली मारी, डॉक्टर के अनुसार दो गोली लगी रांची पुलिस ने विज्ञिप्ति जारी कर कहा है कि होटल के मैनेजर सुमित कुमार को एक गोली लगी है। वहीं मेडिका अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विजय मिश्रा ने कहा है कि सुमित को दो गोली मारी गई है। एक गोली हाथ में, जबकि दूसरी गोली पेट में मारी गई है, जो सीने में जाकर फंस गई। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर सीने में फंसी गोली निकाल दी है। फिलहाल मरीज की स्थिति के बारे में कुछ कह पाना जल्दबाजी होगी। मरीज को डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने एक दिन पूर्व चलाया जांच अभियान, अगले ही दिन लूट वर्ष 2024 की विदाई होने से एक दिन पूर्व रांची पुलिस ने देर रात वाहन जांच व एंटी अल्कोहल चेकिंग अभियान चलाया। कई जगहों पर पुलिस ने पैदल गश्त भी की। लेकिन रांची पुलिस को ना कोई अपराधी मिला और ना ही कोई नशे में धुत व्यक्ति। चेकिंग अभियान चलाने के अगले ही दिन सोमवार को पंडरा ओपी क्षेत्र में 13 लाख रुपए की दिन दहाड़े लूट हो जाती है और अपराधी एक व्यक्ति को गोली भी मार कर फरार हो गए। रविवार देर रात कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस ने मेनरोड, कचहरी रोड सहित कई जगहों में पैदल गश्ती कर बार व होटलों की भी जांच की। इधर, देर रात सड़क पर निकले आईजी, चेक नाका पर की जांच रांची जोन के आईजी अखिलेश झा सोमवार की देर रात राजधानी की सड़कों पर निकले और विभिन्न जगहों पर पेट्रोलिंग पार्टी के अलावा चेक नाका पर जांच की। इस दौरान आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए सजग होकर ड्यूटी करने का निर्देश दिया। कहा कि देर रात गुजरने वाले सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *