बेखौफ बदमाश:आधे घंटे के अंदर तीन मोबाइल फोन लूटे, भागते समय बाइक भिड़ी, लुटेरे गिरफ्तार

रजधानी में बेखौफ बदमाशों ने शनिवार की रात आधे घंटे में तीन थानाक्षेत्रों में मोबाइल फोन लूट की तीन वारदातें की। यह घटना टीटी नगर, गोविंदपुरा और आरकेएमपी स्थित बंसल-वन के सामने हुई। आरकेएमपी पर बाइक सवार दो लुटेरों ने एक वेटरनरी डॉक्टर से मोबाइल लूट लिया। वारदात उस समय हुई, जब डॉक्टर आरकेएमपी से अपने साथी के साथ पैदल जा रहे थे। तभी पीछे से आए लुटेरों ने झपट्‌टा मारकर मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर भागते समय लुटेरों की बाइक आगे जाकर एक गाड़ी से टकराकर गिर गई। इसमें दोनों लुटेरे घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस लूट का मामला दर्ज किया है। हबीबगंज पुलिस के मुताबिक दोनों लुटेरे ईरानी डेरा में रहते हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वह महंगे मोबाइल लूटकर मुंबई भेजते हैं, जहां से उन्हें दुबई भेजा जाता है। पुलिस इस चेन की जांच कर रही है। डॉ. मोहित सिंह बघेल मूलत: भिंड के रहने वाले हैं। वह शासकीय पशु चिकित्सालय अनूपपुर में डॉक्टर हैं। शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपने साथी विशाल के साथ आरकेएमपी से पैदल बंसल-वन की तरफ जा रहे थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने मोहित के साथ से मोबाइल झपट लिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों का पीछा किया गया तो उनकी तेज रफ्तार स्पोर्टस बाइक डीबी मॉल के सामने एक गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में दोनों लुटेरों को चोटें आईं हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में डॉ. मोहित भी गिरने के कारण घायल हो गए। पुलिस ने डॉ. बघेल की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज किया है। इधर, वाहन चालकों पर सख्ती 25 जगह चेकिंग, हेलमेट न पहनने पर 195 के चालान रात में सुस्त दिखने वाली पुलिस ने रविवार को दिन भर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के 25 स्थानों पर हेलमेट न पहनने, वाहन बीमा और रॉन्ग साइड वाहन चलाने सहित नियमों की जांच की गई। इस दौरान कुल 310 चालान किए गए और 1,67,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इनमें 5 चालान रॉन्ग साइड वाहन चलाने और 195 दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट न पहनने पर किए गए। लुटेरों पर शिकंजा नहीं : राजधानी पुलिस दिन में तो वाहन चेकिंग अभियान चलाती है, लेकिन यह अभियान सिर्फ हेलमेट और ज्यादातर सीट बेल्ट तक सीमित रहता है। लुटेरे बिना नंबर की बाइक, स्कूटी पर फर्राटा भर रहे हैं। रात 10 बजे के बाद पुलिस बाजार तो बंद करवा देती है, लेकिन लुटेरों का बाजार इसी दौरान चालू हो जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *