लुधियाना|होजरी कारोबारी की पत्नी से एक बाइक सवार व्यक्ति ने लूट की वारदात कर दी। घटना उस समय हुई जब महिला अपनी बेटी को ट्यूशन से लेकर लौट रही थी। महिला की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन में अज्ञात पर पर्चा दर्ज हुआ है। होजरी कारोबारी अमन गोयल ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी चार खंबा चौक के पास ट्यूशन पढ़ती है। उनकी बेटी को हर रोज लेने के लिए उनकी पत्नी रीतू गोयल कार से जाती है। घटना की शाम करीब 5 बजे उनकी पत्नी बेटी को लेकर कार के पास जा रही थी। तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक आया, जिसने रीतू के हाथ से पर्स छीन लिया और भाग गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पर्स में 8 हजार रुपये, उनकी कार की चाबी और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।


