इंदौर के एरोड्रम इलाके में बेटे की हत्या की धमकी देकर स्कूटर सवार तीन बदमाशों ने किराना व्यापारी पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की है। बदमाशों ने पहले यहां से सिगरेट खरीदी फिर आठ दिन में बेटे की हत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने राघव खंडेलवाल की शिकायत पर स्कूटर सवार तीन बदमाशों पर चाकूबाजी और धमकी देने के मामले में शनिवार देर शाम केस दर्ज किया है। राघव ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी का काम करते है। उनके पिता राजेश किराना दुकान संचालित करते है। शनिवार को स्कूटर से तीन युवक यहां पहुंचे। बदमाश गाड़ी से उतरकर आए और सिगरेट मांगी। इस दौरान आरोपियों में से एक ने पिता राजेश से कहा कि तुम्हारे बेटे को 8 दिन में टपका देगे। पिता दुकान से बाहर आए। उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की तो आरोपियों ने धमकी देते हुए ब्लेड निकाल के सिर और हाथ पर हमला कर दिया। इस दौरान पिता ने मदद के लिए आवाज लगाई। जब मैं बचाव के लिए वहां पहुंचा तो आरोपियों ने मेरे ऊपर भी हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान हमने दुकान में छुपकर जान बचाई। इस दौरान आवाज सुनकर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी अपनी स्कूटर से फरार हो गए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दुकानदार पर हमला करने का वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है।


