भास्कर संवाददाता | बड़वानी मुझे आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मेरे बेटे को सात साल पहले आवास मिला था, जो 10 साल से अलग रहता है जबकि मैं मिट्टी के कच्चे मकान में रह रहा है। पंचायत सचिव द्वारा योजना के लिए पात्र बताया जा रहा है लेकिन वास्तविक लाभ अभी तक नहीं मिला है। जनसुनवाई में ग्राम बोबलवाडी (तहसील राजपुर) के मंशाराम पिता भूरा ने यह बात कलेक्टर से कही। कलेक्टर ने आवेदन सीईओ राजपुर को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर जयति सिंह ने मंगलवार को जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 57 आवेदकों की समस्याओं को सुना। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों का निराकरण केवल कागजों पर न हो, बल्कि आवेदक को धरातल पर उसका लाभ मिलना चाहिए। ग्राम होलगांव निवासी सरदार पिता अनारसिंह चौहान ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया उनकी माता गौरा बाई की मृत्यु 21 जुलाई 2025 को सर्पदंश (सांप के काटने) से हो गई थी। मृतक महिला का बीपीएल राशन कार्ड बना हुआ था और मैं अपनी माता पर ही आश्रित था। पूर्व में आवेदन देने के बाद भी आज तक उन्हें शासन द्वारा देय आर्थिक सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। बड़वानी शहर के वार्ड क्रमांक 22, बस स्टैंड के पीछे रैन बसेरा क्षेत्र के रहवासियों ने जनसुनवाई में पहुंचकर एक पुराना और खतरनाक हो चुका इमली का पेड़ हटाने के लिए आवेदन दिया। रहवासियों का कहना है कि यह पेड़ किसी भी समय गिर सकता है। जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका है। यह पेड़ पुराना है। बारिश के कारण पूरी तरह सड़ चुका है।


