लुधियाना|गांव आलमगीर की रहने वाली महिला से दो युवकों ने विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी कर ली। महिला चरण कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले साल उनकी मुलाकात जगत सिंह और हरविंदर सिंह नाम के दो युवकों से हुई थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह उनके बेटे को विदेश भेज देंगे। महिला के मुताबिक, आरोपियों ने शुरुआत में बैंक ट्रांजैक्शन से 33 हजार रुपए लिए और फिर 10 हजार रुपए नकद भी ले लिए। लेकिन पैसे लेने के बाद दोनों ने संपर्क तोड़ दिया। जब कई महीनों तक कोई जवाब नहीं मिला तो चरण कौर को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने थाना डेहलों में शिकायत दी। जांच अधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जगत सिंह पुत्र साहिब सिंह निवासी आलमगीर और हरविंदर सिंह पौत्र मेहर सिंह निवासी डेहलों के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।


