उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा चित्तौड़गढ़ के बेड़च रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग काम किया जा रहा है। इस तकनीकी काम के चलते रेलवे संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। इसी क्रम में जयपुर से उदयपुर सिटी के बीच चलने वाली स्पेशल रेल सेवा को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह काम यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर रेल संचालन के लिए जरूरी है, लेकिन फिलहाल इसका असर आम यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर पड़ रहा है। जयपुर-उदयपुर स्पेशल ट्रेन चंदेरिया तक ही चलेगी उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09721 जयपुर–उदयपुर सिटी स्पेशल रेल सेवा 10 फरवरी को जयपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी, लेकिन यह ट्रेन उदयपुर तक नहीं जाएगी। यह रेल सेवा सर्फ चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी। इसके बाद आगे के स्टेशनों के लिए ट्रेन को रद्द माना जाएगा। सुबह 6:27 बजे जयपुर से रवाना होगी ट्रेन रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन जयपुर से सुबह 6 बजकर 27 मिनट पर रवाना होती है। रास्ते में यह कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, विजयनगर और भीलवाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह करीब 11 बजकर 5 मिनट पर चंदेरिया स्टेशन पहुंचेगी। लेकिन इस दिन ट्रेन आगे कपासन, मावली, राणा प्रताप नगर और उदयपुर सिटी स्टेशन तक नहीं जाएगी। कपासन और उदयपुर के यात्रियों को होगी परेशानी इस आंशिक रद्दीकरण से चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र और उदयपुर जाने वाले यात्रियों को एक दिन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रोजाना कामकाज, पढ़ाई, इलाज या पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब वैकल्पिक साधन तलाशने पड़ेंगे। कई यात्रियों ने पहले से ही उदयपुर तक की टिकट बुक कर रखी है, ऐसे में उन्हें बीच रास्ते में उतरकर दूसरी ट्रेन या बस की व्यवस्था करनी होगी। इसके साथ ही अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ेगा, जिससे यात्रा का खर्च भी बढ़ जाएगा।


